कुंडा में श्रीराम कथा में जुटे भाजपा के दिग्गज नेता, 2027 में क्या राजा भ‌इया को एनडीए के साथ ला पाएंगे

कुंडा में श्रीराम कथा में जुटे भाजपा के दिग्गज नेता, 2027 में क्या राजा भ‌इया को एनडीए के साथ ला पाएंगे

18 Nov 2026 |  3

 



धनंजय सिंह।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश के बड़के जिले प्रतापगढ़ के कुंडा में सियासत और आस्था का महा संगम दिख रहा है।कुंडा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के मुखिया कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया द्वारा बेंती में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और मंत्रियों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला है।



कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा एक धार्मिक आयोजन न रहकर बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन बन गई है। 17 से 20 नवंबर तक चल रही इस रामकथा के पहले दिन मंगलवार को भाजपा के कई दिग्गज नेताओं और मंत्रियों की मौजूदगी देखने को मिली।अब सबसे बड़ा सवाल यही गूंज रहा है कि क्या राजा भइया द्वारा कराई जा रही रामकथा में भाजपा नेताओं की मौजूदगी के क्या मायने हैं,क्या रामकथा सियासत के बहाने राजा भइया 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में औपचारिक एंट्री की जमीन तो नहीं तैयार कर रहे हैं।



रामकथा के पहले ही दिन मंगलवार को कुंडा के बेंती में कथा मंडपम में भाजपा नेताओं,सांसदों और योगी सरकार के मंत्रियों का जमावड़ा देखने को मिला।झारखंड के दिग्गज भाजपा नेता लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे थे। कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह भी रामकथा में शामिल हुए।इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फरनगर से पूर्व भाजपा सांसद संजीव बालियान भी शामिल हुए।



योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह,सपा से बगावत कर भाजपा में आए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय भी रामकथा में शामिल हुए।सपा से बगावत कर भाजपा में आए गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह और गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह भी पहुंचे थे।



भाजपा से मिर्जापुर से एमएलसी और बाहुबली नेता विनीत सिंह,सुल्तानपुर से भाजपा से एमएलसी शैलेंद्र सिंह,लखनऊ के शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी और आजमगढ़ से पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह शामिल हुए,इसके अलावा भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय रामकथा में पहुंचे थे।



भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ योग गुरु बाबा रामदेव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविंद्र पुरी समेत कई बड़े संत भी रामकथा में मौजूद रहे।धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा में शामिल हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने मंच से राजा भइया की जमकर तारीफ की और सनातन एकता का संदेश दिया।रामदेव ने कहा कि राजा भइया सनातन के गौरव हैं,यह स्वभाव से सनातनी हैं और इनके जींस में भगवान राम,भगवान कृष्ण और हमारे ऋषियों का शौर्य व वीरता है,जो यहां के जन-जन में दिखती है।



योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि जब इस रामकथा का आयोजन तय हुआ,तो राजा भइया ने बड़े प्रेम से उन्हें आमंत्रित किया,जिसे स्वीकार कर यहां आने पर उन्हें बेहद हर्ष और गौरव की अनुभूति हो रही है।सनातन धर्म की मजबूती पर जोर देते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि लोगों को आपस में बंटना नहीं चाहिए,बल्कि सनातन की एकजुटता बनाए रखते हुए अपने धर्म और राष्ट्र धर्म को मजबूत करना चाहिए।



रामकथा मंच से निकले बयानों ने साफ कर दिया कि निशाना सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए बयान को लेकर इस कथा के आयोजन पर सवाल उठाए थे,इसके जवाब में कथा के मंच से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए कार सेवा में साथ आने का आह्वान किया।



पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भइया को अपना सुख-दुख का साथी बताते हुए मंच से नारा दिया कि राजा भइया का दबदबा था,आज भी है और आगे भी रहेगा। बृजभूषण के इस अंदाज को सुनकर व्यासपीठ पर बैठे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और खुद राजा भइया भी मुस्कुरा उठे। बृजभूषण ने कहा कि वे राजा भइया के निमंत्रण पर यहां आए हैं,राजा भइया उनके सुख-दुख के साथी हैं,ऐसे में उनके यहां आयोजित कथा में शामिल होना जरूरी था। बृजभूषण ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि हमारे बिना कथा पूरी कहां होगी।



सनातन धर्म का जिक्र करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं है,इसका इतिहास सतयुग से शुरू होता है,यह सतयुग,त्रेता और द्वापर में भी था और कलियुग में भी रहेगा। बृजभूषण ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को अपना धर्म और इतिहास नहीं पता,उन्हें अपना इतिहास खुद खोजना चाहिए। बृजभूषण ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक पुराने विवादित बयान पर उनका बचाव करते हुए कहा कि विरोध करने वालों ने उनकी पूरी बात नहीं सुनी थी, उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था।



बता दें कि राजा भइया हाल के दिनों में,जिस तरह की सियासत करते नजर आ रहे हैं,उससे राजा भइया एनडीए में एंट्री की अटकलों को जन्म दे दिया है।अक्टूबर में यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने खुद राजा भइया से मुलाकात की थी,जिसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के आउटरीच अभियान का हिस्सा माना गया।



रामकथा के पहले से राजा भइया हिंदुत्व के एजेंडे पर सियासत करते हुए दिख रहे हैं।राजा भइया ने बंटोगे तो कटोगे और एक रहोगे तो सेफ रहोगे जैसे भाजपा के प्रमुख नारों का समर्थन किया था।हिंदू राष्ट्र की मांग का समर्थन करते हुए राजा भइया ने कहा कि उनके लिए जाति से ऊपर हिंदुत्व है।



2024 के लोकसभा चुनाव के बाद से ही राजा भइया और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच दूरियां काफी बढ़ गई थीं,अब रामकथा के विरोध और पलटवार के बाद खुलकर सामने आ गई हैं,इसके अलावा यूपी में योगी सरकार के साथ राजा भइया के करीबी रिश्ते देखे जा रहे हैं।बरहाल खुद राजा भइया ने गठबंधन के पत्ते नहीं खोले हैं,लेकिन राजा भइया ने संकेत जरूर दिए हैं।राजा भइया को साथ लेकर चुनाव लड़ने की बातचीत चल रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रतापगढ़ की दो से तीन सीट पर भाजपा उम्मीदवार नहीं उतारने का विचार कर सकती है।



राजा भइया का कहना है कि इस कथा का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और यह महज संयोग है कि आयोजन चुनावी वर्ष के करीब हो रहा है, लेकिन जिस तरह प्रयागराज और प्रतापगढ़ की बेल्ट में राजा भ‌इया का प्रभाव है, 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और जनसत्ता दल के बीच सीटों का तालमेल या गठबंधन होना लगभग तय माना जा रहा है।


ट्रेंडिंग