छठ महापर्व पर वन विभाग अलर्ट,जंगली हाथियों से घाटों की सुरक्षा में रातभर मुस्तैद रही क्यूआरटी टीम

छठ महापर्व पर वन विभाग अलर्ट,जंगली हाथियों से घाटों की सुरक्षा में रातभर मुस्तैद रही क्यूआरटी टीम

17 Nov 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बालूमाथ,लातेहार।छठ महापर्व के मद्देनजर बालूमाथ वन विभाग की क्यूआरटी टीम जंगली हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क रही। वन क्षेत्र पदाधिकारी नंद कुमार मेहता,प्रभारी वनपाल आनंद कुमार चौधरी और वनरक्षी सिकंदर राम के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के गणेशपुर,चमरेगा, मारंगलोइया और पिंडरकोम्म गांवों में छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था संभाली।



वन विभाग की क्यूआरटी टीम चार बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लगातार क्षेत्र में तैनात रही। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों के बीच रहकर जंगली हाथियों के झुंड से छठ घाटों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया। टीम की सतर्कता से पर्व के दौरान हाथियों के संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी जारी रही।वहीं मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बालूमाथ वन विभाग की क्यूआरटी टीम लगातार अभियान चला रही है। वन विभाग के गश्ती दल हाथियों के झुंड और भटककर गांवों की ओर पहुंचने वाले हाथियों की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर बनाए रखते हैं। स्थानीय संसाधनों की सहायता से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों सेसुरक्षित दूर कर जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास किया जाता है।जरूरत पड़ने पर उग्र या भटके हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षित बंगाल की टीम की सहायता से रेस्क्यू अभियान भी चलाया जाता है।



वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली हाथियों के आसपास जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। रात के समय अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। हाथियों द्वारा फसल या मकान को नुकसान पहुंचाए जाने की स्थिति में विभाग को आवेदन देकर मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करें। वन विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


ट्रेंडिंग