यमुना एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से एमपी जा रही बस में लगी भीषण आग,चालक की सूझबूझ से सभी 40 यात्रियों की बची जान,शॉर्ट सर्किट बताई जा रही वजह

यमुना एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से एमपी जा रही बस में लगी भीषण आग,चालक की सूझबूझ से सभी 40 यात्रियों की बची जान,शॉर्ट सर्किट बताई जा रही वजह

14 Nov 2026 |  29

 



मथुरा।उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई।बस में 40 यात्री सवार थे।चालक की सूझबूझ और सतर्कता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।



रात 2 बजे चलती बस में लगी आग



जानकारी के मुताबिक हादसा रात लगभग 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में हुआ।दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही बस जैसे ही यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। 



चालक की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान



बस में आग लगते ही चालक ने बिना देरी किए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।चालक की सतर्कता से सभी 40 यात्री सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।



अक्टूबर में भी चलती बस में लगी थी आग



इससे पहले 6 अक्टूबर को भी ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर ऐसा ही हादसा सामने आया था। उस समय नोएडा से आगरा जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई थी।यह घटना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में हुई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस जलकर खाक हो गई। हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। उस हादसे में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।



सितंबर में बस में आग लगने से 9 लोगों की हुई थी मौत



यमुना एक्सप्रेसवे पर 24 सितंबर को भी एक दर्दनाक हादसा हुआ था। उस दौरान चलती स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई थी। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई थी और कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई थी। इस मामले में पुलिस ने चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया था।इसके दो दिन बाद  26 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक प्राइवेट बस में भी आग लग गई थी। उस समय बस में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी की जान नहीं गई। हालांकि, आग में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी।


ट्रेंडिंग