पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण,हजारीबाग।प्रखंड के ताजपुर पंचायत अंतर्गत ललकीमाटी में झारखंड स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।ललकीमाटी फुटबॉल मैदान में आयोजित समारोह में आदिवासी समाज की संस्कृति,परंपरा और लोककला की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। ढोल-मांदर की थाप पर ग्रामीणों ने सामूहिक नृत्य कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ताजपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु प्रसाद भगत उपस्थित रहे। उन्होंने झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक विरासत से है। इस सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समारोह में वक्ताओं ने झारखंड राज्य के गठन के संघर्ष और आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की परिकल्पना के पीछे यहां के लोगों की संस्कृति, पहचान और विकास की आकांक्षा जुड़ी हुई थी। राज्य की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना जरूरी है।
इस अवसर पर प्रखंड प्रभारी जंगल बचाओ अभियान के चोले मुंडा, प्रखंड स्तरीय ग्रामसभा मंच चौपारण के अध्यक्ष दुलय चंद मुंडा, मनोहर मुंडा, सुंदर मुंडा, धनेश्वर मुंडा, बिरसा मुंडा, करम सिंह मुंडा, मंगल मुंडा, उत्तम गंझू, बुदू मुंडा, पार्वती टूटी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।