सूर्य उपासना का महापर्व छठ सम्पन्न,उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला निर्जला व्रत

सूर्य उपासना का महापर्व छठ सम्पन्न,उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला निर्जला व्रत

17 Nov 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,साहिबगंज।लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। प्रखंड मुख्यालय में इस बार छठ की विशेष धूम रही। बिजली घाट,बिरसा मुंडा घाट,शिव मंदिर घाट,कबूतर खोपी घाट,चानन घाट,ओझा टोली घाट समेत जिले के सभी नदी-तालाब घाटों पर तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।



सुबह से पहले ही व्रती अपने परिवार के साथ बांस के सूप-दउरा में ठेकुआ,नारियल,गन्ना,केला और फल-फूल, कंदमूल लेकर घाट पर पहुंच गए थे। कमर भर पानी में खड़े होकर व्रतियों ने उगते सूर्य का इंतजार किया। जैसे ही पूर्वी आकाश में सूर्य की पहली किरण फूटी जय छठी मइया के जयघोष के बीच व्रतियों ने दूध-जल से भगवान भास्कर को उषा अर्घ्य दिया। उषा अर्घ्य के बाद घाट पर ही विधि-विधान से छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की गई।



 त्योहार के अंत में अदरक,गुड़ और ठेकुआ का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान पूरे घाट परिसर में छठ के पारंपरिक लोकगीत गूंजते रहे और भक्तिमय माहौल बना रहा।


ट्रेंडिंग