राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विशेष संदेश
पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता लोकतंत्र की मजबूती का आधार:मुन्ना कापरी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि।राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट, झारखंड प्रदेश इकाई की ओर से देश और राज्य के समस्त पत्रकार बंधुओं को हार्दिक शुभकामनाएं।
इस अवसर पर वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना कापरी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं,वे समाज की समस्याओं,आम जनता की आवाज और सच्चाई को निर्भीकता से सामने लाने का कार्य करते हैं,लेकिन आज पत्रकारिता के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं।समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट,धमकी,झूठे मुकदमे और दबाव बनाने जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं।
मुन्ना कापरी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा केवल एक पेशे का मुद्दा नहीं,बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सुरक्षा का सवाल है।सरकार को चाहिए कि झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए,पत्रकार कल्याण बोर्ड का गठन हो,पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा,पेंशन एवं आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिले। साथ ही पत्रकारों के खिलाफ दर्ज होने वाले मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पत्रकार सच लिखने और दिखाने से भयभीत न हो।
मुन्ना कापरी ने कहा कि पत्रकारिता समाज को आईना दिखाने का काम करती है। पत्रकारों की कलम को डर और दबाव से मुक्त रखना सरकार एवं समाज दोनों की जिम्मेदारी है।वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट पत्रकारों के सम्मान,सुरक्षा,अधिकार और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा।आइए राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर हम संकल्प लें कि पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्षता और स्वतंत्रता को मजबूत करेंगे।