पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिला प्रशासन चतरा के संज्ञान में आया है कि उपायुक्त रवि आनंद के नाम और फोटो का उपयोग कर एक कथित फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट संचालित किया जा रहा है।प्रथम दृष्टया उक्त अकाउंट उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप अकाउंट प्रतीत नहीं होता।
चतरा जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील किया है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर,सोशल मीडिया अकाउंट अथवा अन्य माध्यम से प्राप्त संदेश,कॉल,आर्थिक लेनदेन या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने संबंधी किसी अनुरोध पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।यदि किसी व्यक्ति को चतरा उपायुक्त के नाम अथवा फोटो का उपयोग कर संचालित किसी संदिग्ध अकाउंट से संदेश, कॉल अथवा अन्य गतिविधि प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा जिला प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।
इस संदर्भ में जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि आधिकारिक सूचनाएं, निर्देश एवं जनहित से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत प्रशासनिक माध्यमों एवं आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही प्रसारित की जाती हैं।
जिला प्रशासन नेआम नागरिकों से साइबर ठगी एवं फर्जी सोशल मीडिया/मैसेजिंग अकाउंट के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित प्राधिकार को देने की अपील की है।