पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।लोक आस्था,श्रद्धा और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया।इस अवसर पर व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के अंतिम चरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन किया।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की अहले सुबह से ही धनबाद के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।मनईटांड़,बेकार बांध,रांगाटांड़ तालाब,विकास नगर मटकुरिया,राजा झरिया,विक्ट्री कॉलोनी,बानिया हीर, बस्ताकोला गौशाला,धनसार,न्यू दिल्ली और चांदमारी सहित शहर के विभिन्न इलाकों के घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। वहीं कतरास की कतरी नदी सहित विभिन्न अपार्टमेंट परिसरों और घरों की छतों पर बनाए गए अस्थायी जलकुंडों में भी श्रद्धालुओं ने सूर्योपासना की।
इस दौरान सबलपुर कृष्णा कॉलोनी की छठव्रती सीमा धर्मेंद्र पांडेय,श्वेता पांडे,उर्मिला उपाध्याय ने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि छठी मैया अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। उन्होंने बताया कि निरंतर छठ पूजा करने से उन्हें मैया का असीम आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। जीवन में आई विपरीत परिस्थितियों, परेशानियों और दुखों से उबरने में उन्होंने छठी मैया की कृपा का अनुभव किया है। आज उनके जीवन में खुशहाली है और परिवार पर मैया का आशीर्वाद बना हुआ है।
चार दिवसीय महापर्व के दौरान छठ घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।कांच ही बांस के बहंगिया जैसे लोकप्रिय लोकगीतों के बीच व्रतियों ने सूप और दउरा में सजे फल,ठेकुआ,नारियल सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूजा संपन्न होने के बाद घाटों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। व्रतियों ने छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और जीवन में सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के माहौल में छठ महापर्व के संपन्न होने के साथ ही पूरे कोयलांचल में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।