सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना बेहद दुखद व निंदनीय है,झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है:डॉ जयराम कुमार महतो

सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना बेहद दुखद व निंदनीय है,झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है:डॉ जयराम कुमार महतो

19 Nov 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



रजरप्पा/रांची। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष डूमरी विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो ने कहा कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान अविभाजित बिहार में वर्ष 1990 में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना बेहद दुखद,दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। 



डॉ. जयराम कुमार महतो ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा केवल एक पूर्व विधायक नहीं,बल्कि झारखंड आंदोलन के उन वरिष्ठ योद्धाओं में से एक हैं,जिन्होंने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। झारखंड राज्य निर्माण के आंदोलनकारी अगुवा प्रणेता के इस उम्र की पड़ाव पर उनके साथ इस तरह का दुर्व्यवहार और मारपीट की खबर सुनकर मन अत्यंत व्यथित है।



डॉ. जयराम कुमार महतो ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राज्य में कथित तौर पर जमीन माफियाओं,कोयला माफियाओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को अंगरक्षक उपलब्ध कराए जा रहे हैं,लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि झारखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले एक वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक को सुरक्षा के लिए एक अंगरक्षक तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। यह बेहद चिंताजनक विषय है। 



डॉ. जयराम कुमार महतो ने सवाल उठाया कि जिन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना जीवन संघर्ष में खपा दिया, आज उम्र के इस पड़ाव पर उनकी सुरक्षा और सम्मान की चिंता करने वाला आखिर कौन है।महतो ने कहा कि विचारों में मतभेद हो सकते हैं,सामाजिक असहमतियां भी हो सकती हैं,लेकिन इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि हम अपने बुजुर्गों के सम्मान,स्वाभिमान और गरिमा को भूल जाएं।जिन वरिष्ठ लोगों ने अपना पूरा जीवन समाज और झारखंड के हित में संघर्ष करते हुए बिताया, उनके साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।इस उम्र में उन्हें सम्मान,आदर और सुरक्षा मिलनी चाहिए,ना कि अपमान और मारपीट का सामना करना पड़े।



डॉ. जयराम कुमार महतो ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, घटना में शामिल दोषियों को चिन्हित किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए भी सरकार ठोस पहल करे।


ट्रेंडिंग