पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
इटखोरी/चतरा।संन्यासी योग गुरु शंकर महाराज की स्मृति में आयोजित श्रद्धा एवं श्राद्ध संस्कार कार्यक्रम के तहत गुरुवार को दशगात्र संस्कार श्रद्धा,भक्ति और भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों,शिष्यों और ग्रामीणों ने अपने गुरु महाराज को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे श्राद्ध संस्कार के साथ हुआ,जो 11:30 बजे तक चला।इसके बाद दोपहर 12:15 बजे दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। 12:20 बजे शंखनाद हुआ,इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।वहीं 12:30 बजे मौन व्रत एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने मौन धारण कर गुरु महाराज को नमन किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।दोपहर 12:35 बजे संन्यासी योग गुरु शंकर महाराज की जीवनशैली एवं उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर परिचर्चा आयोजित की गई।परिचर्चा में वक्ताओं ने उनके त्याग,तपस्या,योग साधना,सादगी और मानव सेवा के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
भद्रकाली कॉलेज के प्राचार्य डॉ.दुलार ठाकुर ने कहा कि गुरु महाराज का संपूर्ण जीवन समाज के लिए समर्पण और सेवा का उदाहरण रहा है,उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।समाजसेवी देव कुमार सिंह ने कहा कि संन्यासी योग गुरु शंकर महाराज केवल एक संत नहीं,बल्कि मानवता के सच्चे मार्गदर्शक थे,उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा,योग और धर्म के प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया,उनका सादा जीवन और उच्च विचार आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं,उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता,लेकिन उनके बताए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
डॉ.दुलार ठाकुर ने कहा कि गुरु महाराज ने योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सिखाई।वे हमेशा कहा करते थे कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। उन्होंने गरीब,असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की निःस्वार्थ भाव से सेवा की,उनका आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहेगा। आज हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का उमड़ना इस बात का प्रमाण है कि गुरु महाराज आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर 01:30 बजे से नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था शुरू की गई,जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा,भक्ति और सेवा का माहौल देखने को मिला।श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के निवेदक सोनू कुमार रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी देव कुमार सिंह,योगेंद्र यादव,बालगोविंद राम,विशेश्वर यादव,मनीष कुमार,अनिल कुमार सिंह,रामलखन राम,चंद्रवंशी समाज के अध्यक्ष छत्रधारी चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य लोग,श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे।अंत में स्वर्गीय शंकर चंद्रवंशी के भतीजे सोनू कुमार ने 11वां कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, साधु-संतों, शिष्यों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।