उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न,छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ मांगी सुख-समृद्धि की कामना

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न,छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ मांगी सुख-समृद्धि की कामना

17 Nov 2026 |  11

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण,हजारीबाग।लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया।सुबह की पहली किरण के साथ ही प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।छठ व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की।



अहले सुबह से ही छठ व्रती और श्रद्धालु पूजा सामग्री से सजे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे।जलाशयों में खड़े होकर व्रतियों ने दूध और जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन हुआ।अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया।



इस अवसर पर बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव भी नावाडीह छठ तालाब पहुंचे।उन्होंने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्रवासियों के सुख,शांति और समृद्धि की कामना की।प्रखंड विकाश पदाधिकारी नितेश भास्कर भी पत्नी संग तालाब पर पहुंचकर सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर प्रखंड वाशियों की खुशहाली की कामना किया। वहीं विभिन्न पंचायतों के मुखिया भी अपने-अपने पंचायत के छठ घाटों पर पहुंचे और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पंचायत की खुशहाली और विकास की प्रार्थना की।



छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस पदाधिकारी और जवान लगातार घाटों पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।



छठ महापर्व को लेकर घाटों पर विशेष उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से घाटों के समीप सेवा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में छठ व्रतियों के बीच दही और चीनी का वितरण किया गया। चार दिवसीय महापर्व के समापन के साथ ही पूरे प्रखंड में छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच उत्सव का माहौल देखने को मिला।


ट्रेंडिंग