हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से जेपी पटेल बने कांग्रेस उम्मीदवार, बरही के कांग्रेसियों ने किया मुलाकात,दी बधाई

हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से जेपी पटेल बने कांग्रेस उम्मीदवार, बरही के कांग्रेसियों ने किया मुलाकात,दी बधाई

29 Mar 2024 |  28

हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से जेपी पटेल बने कांग्रेस उम्मीदवार, बरही के कांग्रेसियों ने किया मुलाकात,दी बधाई

 

स्व. टेकलाल महतो की पहचान उत्तरी छोटानागपुर में आंदोलनकारी नेता के रूप में थी, उनके पुत्र है जेपी पटेल:अब्दुल मनान वारसी

 

प्रतिनिधि,बरही। कांग्रेस ने मांडू विधायक जेपी पटेल को हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवार बनाये जाने के बाद बरही के कांग्रेसियों ने हजारीबाग कांग्रेस कार्यालय में जेपी पटेल से मुलाकात करते हुए उन्हें बधाई दी। बरही प्रखण्ड कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जेपी पटेल के साथ धार्मिक न्यास बोर्ड अध्यक्ष जयशंकर पाठक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव भी मौजूद थे।

 

इस दौरान कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी ने कहा कि जेपी पटेल वंशानुगत राजनीतिक कार्यकर्ता है। कहा कि गिरिडीह के पूर्व सांसद और मांडू से पांच बार विधायक रहे झामुमो नेता स्व. टेकलाल महतो की पहचान पूरे उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र में आंदोलनकारी नेता के रूप में थी। महाजनी प्रथा व धान पेडी की लेवी के खिलाफ चलाये गये आंदोलन के अलावा झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनकी सक्रियता रही।विनोद बिहारी महतो के साथ मिलकर शिवा जी समाज का गठन कर बाल विवाह के अलावा अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन जागरण अभियान चलाया था। साधारण धोती-कुर्ता और कंधे पर हमेशा एक हरा गमछा उनकी पहचान थी। 

 

मन्नान वारसी ने कहा कि वर्ष 1997 में एकीकृत बिहार विधानसभा में टेकलाल महतो ने ही सर्वप्रथम झारखंड अलग राज्य विधेयक पारित कराया था। इनके पिता स्व. दौलत महतो साधारण किसान तथा और माता स्व. रेशमी देवी गृहिणी थीं। तीन भाइयों में मंझले टेकलाल महतो का जन्म 15 फरवरी 1945 को हुआ था। रांची से एलएलबी की पढ़ाई की थी। शिक्षा विभाग में उन्हें नौकरी मिली थी, लेकिन जनसेवा के जुनून के कारण नौकरी छोड़ कर राजनीति में सक्रिय हो गये।

 

मन्नान वारसी ने कहा 70 के दशक में हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत खरकी पंचायत के लकमा में महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय ग्रामीण साधु, सैयनाथ व शनिचर महतो की मौत सीआरपीएफ की गोली से हो गयी थी। इस आंदोलन का नेतृत्व टेकलाल महतो कर रहे थे। उन्होंने धान पेडी की लेवी को काला कानून बताया था। इसके तहत किसानों को 10 रुपये क्विटंल की दर से धान सरकार को बेचना था। झारखंड व छोटानागपुर क्षेत्र के किसान इसके खिलाफ गोलबंद हुए। आंदोलन की अगुवाई कर रहे टेकलाल महतो का कहना था कि सिंचाई की सुविधा नहीं है तो लेवी भी नहीं देंगे। इस आंदोलन ने संयुक्त बिहार सरकार को हिला दिया और उसे झुकना पड़ा था। जेपी पटेल उनके पुत्र है और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है। 

 

मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ निजामुद्दीन अंसारी, मंडल अध्यक्ष रघुवीर यादव, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेश यादव, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष राजू राणा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष गुलजार अंसारी, गोविंद यादव, मो रिजवान, छोटेलाल यादव, बिरेन्द्र यादव सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

ट्रेंडिंग