नेतरहाट में झारखंड चेंबर के कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित 

नेतरहाट में झारखंड चेंबर के कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित 

28 Apr 2024 |  14

 

वरीय संवाददाता,रांची/नेतरहाट।फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी समिति की बैठक नेतरहाट में संपन्न हुई।चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में रांची से 30 सदस्यों के अलावा गुमला, बंशीधर नगरउंटारी, गढ़वा, रामगढ़, गोड्डा जिले के चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी शामिल हुए। 

 

संथाल परगना क्षेत्र में उद्योगों के लिए भूमि की कमी से हो रही समस्या तथा साहेबगंज में खासमहल की समस्या पर बैठक में वार्ता हुई। राज्य के विभिन्न जिलों में लगातार लोड शेडिंग की बनी हुई समस्या के साथ ही उद्योगों को बैंको से ऋण लेने में होने वाली कठिनाइयों से भी सदस्यों ने अवगत कराया। राज्यस्तर पर चेंबर की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने सभी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष से अपने प्रमंडलों में नियमित रूप से गतिविधियों का आयोजन करने की बात कही। साथ ही सदस्यता संख्या में वुद्धि के लिए कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

बैठक के दौरान यह भी संज्ञान में लाया गया कि चुनाव ड्यूटी के कार्यों में संलग्नता के कारण गुमला में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखाएं प्रायः दोपहर में बंद कर दी जाती हैं, जिस कारण व्यापारियों को कठिनाई हो रही है। यदि चुनाव ड्यूटी है तब बैंक द्वारा एक दो जिम्मेवार कर्मचारियों की बैंक में उपलब्धता रखनी चाहिए ताकि व्यापारियों का लेनदेन कार्य प्रभावित न हो। यह भी बताया गया कि यह समस्या छोटे-छोटे जिलों में अधिक है। व्यापारियों की वास्तविक समस्या को देखते हुए चेंबर अध्यक्ष ने इस मामले में डीजीएम से वार्ता के लिए आश्वस्त किया। रामगढ के गोला में औद्योगिक क्षेत्र की मांग पर भी उन्होंने जियाडा से वार्ता की बात कही।

 

सह सचिव शैलेष अग्रवाल ने चेंबर की गतिविधियों से अवगत कराते हुए राज्य के प्रत्येक जिलों में सदस्यता संख्या के विस्तार के प्रयासों में गति लाने के लिए जरूरी प्रयास के लिए मेंबर्स एक्सटेंशन कमिटी और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष से करवाई का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने फेडरेशन की गतिविधियों में जिलों के व्यापारियों से सहभागी बनने की अपील की। गुमला शहर के होते विस्तार को देखते हुए व्यापारियों ने शहर में आगजनी जैसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर में अग्निशामक वाहनों की संख्या बढाने की आवश्यकता बताते हुए सिक्कों की कमी से हो रही परेशानी से भी अवगत कराया, जिसपर सह सचिव शैलेष अग्रवाल ने कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।

 

न्यूनतम मजदूरी दर में की गई अव्यवहारिक बढ़ोतरी के विभागीय निर्णय पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए जिले के व्यापारियों ने झारखण्ड चेंबर के प्रयासों की सराहना की। चेंबर अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा गठित कमिटी के माध्यम से झारखंड चेंबर द्वारा प्रदेश में न्यूनतम मजदूरी दर को व्यवहारिक बनाने का हरसंभव प्रयास सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने जिले के व्यापारियों से भी अपने सुझाव चेंबर को प्रेषित करने का आग्रह किया।

 

नेतरहाट में चेंबर के कार्यकारिणी समिति की बैठक को आयोजित कराने में चेंबर के कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया और रोहित पोद्दार ने मुख्य भूमिका निभाई। इस बैठक में व्यापारियों की बडी संख्या में उपस्थिति के लिए उन्होंने संयुक्त रूप से सदस्यों का आभार जताया। यह भी आश्वस्त किया कि चेंबर द्वारा लगातार राज्य के अन्य जिलों में बैठकों का आयोजन किया जायेगा। बैठकों में प्राप्त होने वाली समस्याओं पर चेंबर द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। 

 

रांची से बाहर के जिलों में चेंबर के कार्यसमिति की बैठक के आयोजन को उपयुक्त बताते हुए पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि चेंबर को ऐसे प्रयास निरंतर करते रहने चाहिए। इससे व्यापारियों का मनोबल बढ़ता है। चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने सभी व्यापारियों व उद्यमियों से चुनावी महापर्व में बढ़ चढ़कर मतदान करने की अपील की। यह कहा कि व्यापारी लोकतंत्र के पर्व को त्यौहार की तरह मनायें।

 

बैठक में चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव शैलेष अग्रवाल, अमित शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित महेश्वरी, अमित साहू, प्रीतम गाडिया, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, सुनिल केडिया, प्रवीण लोहिया, नवीन गाडोदिया, संजय अखौरी, विमल फोगला, सुनिल सरावगी, साहित्य पवन, डॉ अभिषेक रामाधीन, पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी, उप समिति चेयरमेन शशांक भारद्वाज, अनिश बुधिया, विकास झाझरिया, मनोज मिश्रा, संतोष अग्रवाल, राजीव चौधरी, मुकेश पांडेय, रमेश साहू, नवीन जैन, राजीव थेपडा, कुणाल विजयवर्गीय, सुनिल पोद्दार, अजय मंत्री, प्रदीप मंत्री, कन्हैयालाल गुप्ता, हृदयानन्द कमलापुरी, थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष विक्रम खेतावत, गुमला चेंबर के अध्यक्ष दामोदर कसेरा, बंशीधर चैंबर के अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर के अलावा अन्य कई व्यापारी उपस्थित थे। बैठक को सफल रूप से व्यवस्थित बनाने में चेम्बर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित माहेश्वरी और सदस्य अनीश बुधिया का विशेष योगदान रहा।

ट्रेंडिंग