यात्रियों से भरी सिटी राइड बस पलटी,महिला यात्री और खलासी की मौत

यात्रियों से भरी सिटी राइड बस पलटी,महिला यात्री और खलासी की मौत

28 Apr 2024 |  33

यात्रियों से भरी सिटी राइड बस पलटी,महिला यात्री और खलासी की मौत

 

संघरी घाटी में हुआ दर्दनाक हादसा,परीक्षा देकर लौट रही दस छात्राएं घायल

 

ब्रेक फेल होने से हुई अनियंत्रित बस,चतरा-डोभी मुख्यमार्ग पर हुआ हादसा,एक रेफर

 

पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा।जिले में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ।इस हादसे में एक सिटी राइड बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा यात्रियों को लेकर चतरा से कुंदा जा रही सुमन रथ नामक सिटी राइड बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से घटी है। 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस का ब्रेक फेल हों जाने के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में हुए घायलों में चतरा कॉलेज की दस छात्राएं भी शामिल हैं,जो शहर के पुलिस लाइन इलाके में संचालित आरडीएस इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र से ग्रेजुएशन सेमेस्टर वन की परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थी। 

 

घायलों को सदर थाना प्रभारी विपिन यादव और झामुमो जिला अध्यक्ष पंकज कुमार प्रजापति ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर एंबुलेंस और पुलिस वाहन से इलाज के लिए रेस्क्यू कर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां घायल दस छात्राओं का इलाज किया जा रहा है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी एक महिला यात्री ललिता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने रिम्स रांची रेफर कर दिया है।मृतकों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के खुशयाली गांव निवासी रेखा कुमारी और हंटरगंज थाना क्षेत्र के नागर गांव निवासी बस के उपचालक परशुराम सिंह के रूप में हुई है। 

 

घटना की सूचना पाकर डीसी रमेश घोलप और भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी कालीचरण सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी चिकित्सकों से लिया। साथ ही साथ घायलों से उनका हाल-चाल भी जाना। मौके पर डीसी ने सिविल सर्जन डॉ जगदीश प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ मनीष लाल और ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. अजहर को घायलों का समुचित उपचार करने का निर्देश दिया। साथ ही मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कर अविलंब परिजनों को सौपने का निर्देश दिया है। मौके पर एसडीपीओ संदीप सुमन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

 सदर अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार यात्री बस के दुर्घटना होने में घायल यात्रियों में सिमरन कुमारी, बेबी कुमारी, श्रुति कुमारी, अनिशा कुमारी, पूनम कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुषमा कुमारी, निशु कुमारी, और सोनी कुमारी के अलावा ललिता देवी समेत 16 लोग शामिल है। घायल यह सभी चतरा कॉलेज की छात्राएं हैं,जो आरडीएस इंटर कॉलेज में आयोजित बीए सेमेस्टर वन की परीक्षा में शामिल होकर परिजनों संग वापस अपने घर लौट रही थी। सभी का इलाज सदर अस्पताल में वरीय चिकित्सकों के विशेष निगरानी में की जा रही है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी जा रही है। सदर अस्पताल में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।

ट्रेंडिंग