यात्रियों की भीड़ को देखते हुए धनबाद रेल मंडल द्वारा सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए किए गए विशेष प्रबंध 

यात्रियों की भीड़ को देखते हुए धनबाद रेल मंडल द्वारा सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए किए गए विशेष प्रबंध 

13 Nov 2026 |  9

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।धनबाद रेल मंडल यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा,सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर तत्पर है।इसी क्रम में 11 नवंबर को धनबाद स्टेशन से रात्रि 20:50 बजे धनबाद–रक्सौल स्पेशल ट्रेन लगभग 1200 यात्रियों को लेकर रवाना हुई।इसके पश्चात रात्रि 21:35 बजे गाड़ी संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस धनबाद स्टेशन पहुंची और 22 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। इस दौरान लगभग 600 यात्री ट्रेन से यात्रा करने के लिए स्टेशन पर प्रतीक्षा में थे। चूंकि मौर्य एक्सप्रेस संबलपुर एवं रांची के रास्ते आ रही थी और पहले से ही यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी,इसलिए लगभग 350 यात्री ही इसमें सवार हो सके। 



यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने सभी स्लीपर कोचों में जाकर यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और ट्रेन में चढ़ने के लिए जल्दबाजी नहीं करने की अपील की। साथ ही वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा स्टेशन पर लगातार उद्घोषणा कर यात्रियों को उसी दिशा में बरौनी के रास्ते जाने वाली वैकल्पिक स्पेशल ट्रेन की जानकारी दी गई।इस क्रम में पीछे से आने वाली पोत्तनूर–दरभंगा स्पेशल ट्रेन संख्या 06189 के संबंध में भी यात्रियों को सूचित किया गया। ट्रेन रात्रि 22:17 बजे धनबाद स्टेशन पहुंची,जिसमें यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। फलस्वरूप मौर्य एक्सप्रेस में सवार नहीं हो सके शेष यात्रियों ने बिना किसी परेशानी के पोत्तनूर–दरभंगा स्पेशल ट्रेन में सवार होकर अपनी यात्रा पूरी की। 



रेलवे कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के समन्वित प्रयास, निरंतर उद्घोषणा और उचित मार्गदर्शन से यात्रियों को उपलब्ध वैकल्पिक ट्रेन का लाभ मिला और भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित किया गया। इस संबंध में कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों में भीड़ की स्थिति को अफरा-तफरी एवं सनसनीखेज रूप में प्रस्तुत किए जाने से यात्रियों के बीच अनावश्यक भ्रम एवं संशय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जबकि वास्तविकता यह है कि रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और उपलब्ध वैकल्पिक ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 



यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 12 तारीख को धनबाद–पटना अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का भी परिचालन किया गया है। धनबाद रेल मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे उपलब्ध स्पेशल ट्रेनों एवं अन्य वैकल्पिक रेल सेवाओं का लाभ उठाएं, अनुचित टिकट लेकर आरक्षित कोचों में यात्रा न करें तथा ट्रेन में चढ़ने के दौरान धैर्य बनाए रखें और जल्दबाजी से बचें। इससे न केवल उनकी अपनी यात्रा सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगी, बल्कि आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। धनबाद रेल मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए हर आवश्यक कदम उठाने हेतु प्रतिबद्ध है।



मनीष सौरभ वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी ने उपरोक्त सूचना दी।


ट्रेंडिंग