पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
रामगढ़। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत 16 से 31 मार्च तक जिले में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का सफल आयोजन किया गया। इस पखवाड़े के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रमुख गतिविधियों में सफाई अभियान, हस्ताक्षर अभियान,गंगा शपथ/ स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक, श्रमदान एवं रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला शामिल रहे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों,विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को दामोदर नदी और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक किया गया।
यह अभियान नगर परिषद रामगढ़, छावनी परिषद रामगढ़, टिस्को, सीसीएल एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हुई।
पखवाड़े के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने उत्साहपूर्वक इन कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वच्छता बनाए रखने एवं गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस आयोजन के माध्यम से न केवल स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता में वृद्धि हुई, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित हुई।