पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
देवघर।उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सिटी गैस पाइपलाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान आने वाली सभी तकनीकी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें और तय समय सीमा (डेडलाइन) के भीतर कार्य को पूर्ण करें।
सिलेंडर के झंझट से मिलेगी मुक्ति
बैठक में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने जोर देकर कहा कि पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) न केवल किफायती है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हर घर तक सुरक्षित और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है, जिससे नागरिकों को बार-बार सिलेंडर रिफिल कराने की परेशानी से मुक्ति मिल सके।
विभागीय तालमेल और सुरक्षा पर जोर
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने निर्देशित किया कि सड़क खुदाई,पाइपलाइन बिछाने और उसके बाद सड़क की पुनः मरम्मत के कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। उपायुक्त ने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और आम जनता को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने का भी निर्देश दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता हीरा कुमार, आईओसीएल पाइपलाइन मैनेजर रत्न कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित आईओसीएल और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।