पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में चल रहे 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में प्रतिदिन लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है।झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में लोग अपनी जरूरत के अनुसार जमकर खरीदारी कर रहे हैं।मंगलवार को भी देर रात तक खरीदारों की चहल-पहल बनी रही। फेयर में 12 देशों और 15 राज्यों की भागीदारी के साथ 35 हजार से अधिक उत्पाद एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किए गए हैं।
सहारनपुर के हैंडीक्राफ्ट स्टॉल पर लोगों की खास भीड़ देखी जा रही है,जहां घर और रसोई के लिए आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं।बिना पानी वाला कूलर 6500 रुपये और मल्टीपल फोल्डिंग टेबल 7500 रुपये में बिक रहा है। वहीं 699 रुपये प्रति किलो की दर से क्रॉकरी आइटम प्लेट,बाउल और ट्रे भी लोगों को खूब भा रहे हैं,जो टिकाऊ भी बताए जा रहे हैं।
मेले में मल्टी यूटिलिटी आइटम भी खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अलग-अलग वैरायटी के बैग और लेडीज पर्स 1000 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध हैं। जयपुर की बेडशीट 650 रुपये में मिल रही है,जबकि जयपुर के बैंगल और ब्रास आइटम 200 रुपये से शुरू होकर विभिन्न रंगों और डिजाइनों में खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं।
झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि मेले को लोगों का जबरदस्त उत्साह मिल रहा है और आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। इस तरह के आयोजन से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलता है और लोगों को एक ही स्थान पर विविध उत्पाद उपलब्ध हो पाते हैं।
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह ट्रेड फेयर व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच एक मजबूत कड़ी का काम कर रहा है। विभिन्न राज्यों और देशों के उत्पादों की उपलब्धता से लोगों को नई-नई चीजें देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है, जिससे मेले की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
आईएएस मस्तराम मीणा,एडीआरएम हटिया हेमराज मीणा और रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार भी ट्रेड फेयर घूमने पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की गुणवत्ता व विविधता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को मंच मिलता है और शहर की पहचान को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा,उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया,राम बांगड़,महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष रंजीत शशांक भारद्वाज, पूजा ढाढा, पूनम आनंद, आस्था किरण, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, राजीव चौधरी, आलोक सिंह समेत सभी लोग मौजूद थे।