विष्णुगढ़ में नहाय खाय से छठ महापर्व का शुभारंभ,घाटों पर तैयारियां पूरी,सूर्योपासना के लिए श्रद्धालुओं में उमंग

विष्णुगढ़ में नहाय खाय से छठ महापर्व का शुभारंभ,घाटों पर तैयारियां पूरी,सूर्योपासना के लिए श्रद्धालुओं में उमंग

26 Oct 2025 |  26

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,विष्णुगढ़।लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा शनिवार से से नहाय खाय के साथ आरंभ हो गया।चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व श्रद्धा,शुद्धता और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना के इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है।इस बार छठ पर्व 27 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन होगा। 



 



छठ पर्व के पहले दिन नहाय खाय के साथ व्रतियों ने स्नान कर पवित्र भोजन ग्रहण किया। इसे व्रत की शुद्ध शुरुआत माना जाता है।अगले दिन खरना का व्रत रखा जाएगा,जिसमें व्रती निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को खीर रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद परिवार के लोगों को प्रसाद वितरित करती हैं। इसके बाद व्रती लगातार 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं और सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। 



 



विष्णुगढ़ प्रखंड क्षेत्र में इस छठ पर्व को लेकर भारी तैयारी की गई है।विष्णुगढ़ जमुनिया नदी,उत्तर वाहिनी,भास्कर धाम छठ घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर साफ सफाई,प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। घाटों की मिट्टी को समतल किया गया है और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित पहुंच मार्ग बनाए गए हैं।



 



छठ एक आस्था और पवित्रता का पर्व है।सभी व्रतियों की सुविधा के लिए पूरी तत्परता से काम किया जा रहा है। साफ सफाई,रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पूरी कर ली गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। विष्णुगढ़ थाना पुलिस द्वारा घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यह व्रत सुख समृद्धि,संतान की प्राप्ति और परिवार के कल्याण के लिए किया जाता है। व्रती महिलाएं श्रद्धा और संकल्प के साथ नदी-तालाबों के तट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की मंगलकामना करती हैं। 



 



छठ पर्व के दौरान बाजारों में भी रौनक देखी जा रही है। पूजा सामग्री,फलों,सूप-दौरा,गन्ना और नारियल की दुकानों पर भीड़ लगी है। हर ओर छठ मइया के जयकारे गूंज रहे हैं और वातावरण में भक्ति और उल्लास का संचार हो रहा है। भास्कर धाम,जमुनिया नदी, उत्तर वाहिनी के घाटों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं में उल्लास का माहौल है और सूर्य उपासना का यह महापर्व पूरी श्रद्धा, स्वच्छता और सामाजिक एकता के साथ मनाया जाएगा।


ट्रेंडिंग