जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव ने व्रतियों की सुविधा को बताया सर्वोपरि,अंबेडकरनगर,कोरियाडीह,धनवार और करियातपुर घाटों की तैयारियों का लिया जायजा
जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव ने व्रतियों की सुविधा को बताया सर्वोपरि,अंबेडकरनगर,कोरियाडीह,धनवार और करियातपुर घाटों की तैयारियों का लिया जायजा
26 Oct 2025 | 24
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बरही।लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर बरही प्रखंड में उत्साह चरम पर है। शनिवार को जिला परिषद उपाध्यक्ष संघ के प्रदेश अध्यक्ष किशुन यादव ने अंबेडकरनगर न्यू कॉलोनी,कोरियाडीह, धनवार और करियातपुर सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
किशुन यादव ने संबंधित समितियों को निर्देश दिया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हमारी संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।किशुन यादव ने स्थानीय युवाओं और लोगों से प्रशासन और घाट समितियों को सहयोग देने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान घाट समितियों ने व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। किशुन यादव ने सभी लोगों से अपील की कि वे छठ पर्व के दौरान घाटों की स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यह महापर्व श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न हो।
बता दें कि इस वर्ष करियातपुर छठ घाट का कार्यभार जन कल्याण समिति को सौंपा गया है।समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चंदन कुमार केसरी, संतोष प्रजापति, कमलेश कुशवाहा, धर्मेंद्र प्रजापति, छोटा पंडित, बिरजू शर्मा, सुजीत प्रसाद, उपेंद्र भगत, राजेंद्र भगत, राजेश प्रजापति, किशोर भगत, भोला भगत और माजिद हुसैन तैयारियों में सक्रिय रूप से लगे हैं।