मैट्रिक-इंटर परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने वाले विद्यालयों पर होगी सख्त कार्रवाई:उपायुक्त

मैट्रिक-इंटर परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने वाले विद्यालयों पर होगी सख्त कार्रवाई:उपायुक्त

22 Nov 2026 |  4

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गढ़वा।जिले के सभी उच्च विद्यालयों और प्लस-टू उच्च विद्यालयों में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं का परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरने की प्रक्रिया जारी है।इसी बीच कुछ विद्यालयों द्वारा झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक) द्वारा निर्धारित परीक्षा शुल्क से अधिक राशि वसूल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त  पशुपति नाथ मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है।इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए जिले के सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को चेतावनी दी गई है कि वे मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान विद्यार्थियों से झारखंड अधिविद्य परिषद् द्वारा निर्धारित शुल्क ही प्राप्त करें। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि किसी भी परिस्थिति में नहीं ली जाए। 



कार्यालय आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की सूचना प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालय प्रधान के विरुद्ध बिना किसी कारण पृच्छा के विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



गौरतलब है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क में पूर्व में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने के बाद झारखंड अधिविद्य परिषद् द्वारा संशोधित शुल्क व्यवस्था लागू की गई है। इससे राज्य के लाखों विद्यार्थियों,विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को राहत मिलने की उम्मीद है। ऐसे में विद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे परिषद् द्वारा निर्धारित संशोधित शुल्क के अनुरूप ही परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराएं। उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने गढ़वा जिले के सभी विद्यालय प्रधानों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए और विद्यार्थियों एवं अभिभावकों पर किसी प्रकार का अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाए। 



जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी अपील की है कि परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग किए जाने पर इसकी शिकायत संबंधित विभागीय कार्यालय में करें, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि जिले के सभी छात्र छात्राएं बिना किसी आर्थिक परेशानी और अनावश्यक शुल्क वसूली के अपनी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें।


ट्रेंडिंग