सूप-टोकरी और दऊरों के बिना अधूरी है छठ पूजा,साहिबगंज में दिन-रात जुटे कारीगर,पीढ़ियों से सम्भाल रहे परम्परा

सूप-टोकरी और दऊरों के बिना अधूरी है छठ पूजा,साहिबगंज में दिन-रात जुटे कारीगर,पीढ़ियों से सम्भाल रहे परम्परा

13 Nov 2026 |  9

 



संजय कुमार धीरज



साहिबगंज।लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज में तैयारी अपने अंतिम चरण में है।शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से लेकर सभी प्रखंडों के हाट-बाजारों तक रौनक बढ़ गई है।फल-फूल,नए वस्त्र और पूजन सामग्री की बिक्री के बीच सबसे खास और सबसे ज्यादा भीड़ वाला बाजार बांस से बने पारंपरिक सूप और दऊरों का है।लोगों की सबसे ज्यादा भीड़ बांस के बने सूप-टोकरी और दऊरों की दुकानों पर दिखती है,क्योंकि इसके बिना छठ की पूजा अधूरी मानी जाती है।



छठ में सूप-दऊरा का धार्मिक महत्व सबसे अधिक है।अर्घ्य के समय इसी सूप में ठेकुआ,फल और अन्य प्रसाद रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्पण किया जाता है।मान्यता है कि बांस का बना सूप पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक है,इसलिए हर श्रद्धालु नए सूप-दौरा की ही खरीदारी करता है,लेकिन इस सुंदरता के पीछे बांस कारीगरों के हाथों की महीनों की मेहनत है।ये कारीगर पीढ़ियों से इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं।



साहिबगंज के छोटा पचगढ़ स्थित तुरी टोला,बोरियो,बांझी, बरहेट,राजमहल,मंडरो के कई हाटों एवं मोहल्लों में बांस कारीगर परिवार दिन-रात इस काम में जुटे हैं।बांस को खरीदना,उसे चीरकर पतली-पतली पट्टियां बनाना,फिर हाथों की कारीगरी से बुनकर सूप और छठी मैया की आकर्षक टोकरी और दऊरों को तैयार करते हैं। छठ जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है,इनकी मेहनत और बिक्री दोनों तेज हो गई है। 



जिरवाबाड़ी (तुरी टोला) के कारीगर श्रवण तुरी ने बताया कि यह काम हम बचपन से देखते आ रहे हैं।हमारे दादा-परदादा भी यही करते थे।साल भर इंतजार रहता है छठ का, इसी से दो पैसे की आमदनी हो जाती है।इस बार बांस की कीमत बढ़ने से सूप 150 से 250 रुपये और दौरा 300 से 500 रुपये तक बिक रहा है। इसके बावजूद लोग खुशी-खुशी खरीद रहे हैं, क्योंकि लोगों को पता है इसके पीछे कितनी मेहनत है।



इस महापर्व की सबसे खूबसूरत बात सामाजिक समरसता का है।सूप बनाने वाले ज्यादातर परिवार वंचित समुदाय से आते हैं,लेकिन उनका बनाया हुआ सूप हर जाति,हर धर्म,हर वर्ग के घर में पूजा में इस्तेमाल होता है। छठ का यह पर्व साफ संदेश देता है कि आस्था में कोई ऊंच-नीच नहीं होती और श्रम का हर रूप सम्मान के योग्य है। यह सिर्फ रोजगार नहीं,बल्कि हमारी लोक कला और संस्कृति की पहचान है।सबसे बड़ी बात इस महापर्व की यही है कि यह सामाजिक समरसता का सबसे सुंदर उदाहरण पेश करता है।सूप,दऊरों बनाने वाले कारीगरों का श्रम और व्रतियों की आस्था एक-दूसरे से जुड़कर पर्व को पूरा करती है।



 छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं,बल्कि श्रम के सम्मान, स्वच्छता और सर्वजातीय एकता का प्रतीक है।यह लोक कला, श्रम की गरिमा और आवासी सहयोग का भी महापर्व है,जहां कारीगर अपनी कला से पुरानी परंपरा संजो रहे हैं,वहीं पूरा समाज इस परंपरा को अपनाकर एक सूत्र में बंध रहा है।


ट्रेंडिंग