गोरखपुर के आर्थिक बदलाव का नया वाहक बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम,विकास को मिलेगी रफ्तार 

गोरखपुर के आर्थिक बदलाव का नया वाहक बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम,विकास को मिलेगी रफ्तार 

14 May 2026 |  22

 



गोरखपुर।ताल नदौर में गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर निर्माणाधीन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पूरे पूर्वांचल के विकास का आधार बनने जा रहा है। 16 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके शिलान्यास के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना को औपचारिक रूप देंगे।इस दौरान सीएम जनसभा को संबोधित भी करेंगे। 



गोरखपुर शहर की भौगोलिक सीमा कौड़ीराम तक विस्तार की ओर बढ़ेगी और अब तक अपेक्षाकृत पिछड़ा माना जाने वाला यह समूचा क्षेत्र तेज विकास की राह पर अग्रसर होगा।यह स्टेडियम विकास की राह पर तेजी से दौड़ रहा गोरखपुर के लिए आर्थिक बदलाव का नया वाहक बनेगा।



योगी सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को रफ्तार मिली है। 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस इंटरनेशनल स्टेडियम के लिए 63.39 करोड़ रुपये की पहली किश्त पहले ही जारी की जा चुकी है।लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है और साइट पर मिट्टी भराई और समतलीकरण का काम शुरू हो चुका है। 



जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार को नगर आयुक्त अजय जैन और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल सहित लोनिवि के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जांची। डीएम के मुताबिक 40 से 50 प्रतिशत तक मिट्टी भराई का कार्य पूरा हो चुका है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2027 तक यह परियोजना पूरी कर ली जाए।



लगभग 50 एकड़ में विकसित होने वाला यह इंटरनेशनल स्टेडियम आधुनिक खेल अवसंरचना का उत्कृष्ट उदाहरण होगा।मुख्य परिसर 45 एकड़ में फैलेगा,जबकि 5 एकड़ क्षेत्र में सहायक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 30 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में सात मुख्य और चार प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएंगी। यह आईसीसी मानकों के अनुरूप होगा, जहां इंटरनेशनल मैचों के साथ बड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे।



इस परियोजना का सबसे बड़ा प्रभाव क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।इंटरनेशनल स्टेडियम के निर्माण और संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।होटल, रेस्टोरेंट,ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबार को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी के चलते आसपास के गांव और कस्बे शहरी विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे। एयरपोर्ट,रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से इसकी कनेक्टिविटी इसे और महत्वपूर्ण बनाती है।



ईपीसी मोड पर तैयार हो रहे इस इंटरनेशनल स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया जा रहा है। ईस्ट और वेस्ट स्टैंड में लगभग 29 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी,जबकि नार्थ और साउथ पवेलियन में वीआईपी,मीडिया और खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं होंगी। 1500 वाहनों की पार्किंग,कॉर्पोरेट बाक्स,प्रेसिडेंशियल सुइट,मीडिया लाउंज और ब्राडकास्टिंग सुविधाएं इसे विश्वस्तरीय पहचान देंगी।



तकनीकी दृष्टि से भी यह इंटरनेशनल स्टेडियम हाईटेक होगा। 60 मीटर ऊंचे हाई मास्ट लाइटिंग पोल,एचडीटीवी ब्राडकास्टिंग सिस्टम,सोलर पैनल और ऊर्जा दक्ष एचवीएसी सिस्टम इसे पर्यावरण के अनुकूल बनाएंगे।साथ ही अंडरग्राउंड वाटर टैंक,सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम जैसी सुविधाएं इसे स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण बनाएंगी।



अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य गति पकड़ रहा है। ताल नदौर में ही पहले से पशु चिकित्सा महाविद्यालय और कान्हा गोशाला जैसी परियोजनाएं चल रही हैं। ऐसे में स्टेडियम का निर्माण पूरे इलाके को समग्र विकास की दिशा में आगे ले जाएगा। यह परियोजना सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गोरखपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 16 को मुख्यमंत्री के हाथों स्टेडियम का शिलान्यास होगा।- दीपक मीणा, डीएम


ट्रेंडिंग