सिमरिया अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल में जांच सेवा प्रभावित,मरीजों को हो रही परेशानी

सिमरिया अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल में जांच सेवा प्रभावित,मरीजों को हो रही परेशानी

14 May 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



सिमरिया/चतरा।प्रखंड क्षेत्र का अनुमंडलीय रेफरल अस्पताल में इन दिनों कुछ आवश्यक पैथोलॉजी जांच सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में लगाए गए सूचना-पत्र के अनुसार सीबीसी, सीआरपी, यूरिक एसिड सहित कुछ जांच फिलहाल बंद हैं। इससे इलाज कराने पहुंचे कई मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज जांच सुविधा नहीं मिलने के कारण निराश लौट रहे हैं। कई मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।



इस मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन से जानकारी लेने पर प्रभारी ने बताया कि उन्हें जांच सेवा बंद होने की विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है। 



क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में जल्द से जल्द सभी जरूरी जांच सेवाएं बहाल की जाएं, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने तथा अस्पताल व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।


ट्रेंडिंग