पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
रामगढ़।भारी वर्षा और वज्रपात से गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में पशुओं की मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को जिला और प्रखंड स्तर की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण दल में अंचल अधिकारी गोला,अंचल निरीक्षक गोला,पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम,थाना प्रभारी बरलंगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी शामिल थे।टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और घटना से हुई क्षति का विस्तृत आकलन किया।
संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 12 मई को हुई भारी वर्षा एवं वज्रपात की घटना में 14 किसानों के कुल 26 पशुओं की मृत्यु हुई है। मृत पशुओं में 7 गाय एवं 19 बैल शामिल हैं।अधिकारियों ने पशुपालकों से घटना की जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
पशुपालन विभाग की टीम द्वारा मृत पशुओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। टीम ने बताया कि पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने,प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचें।