ई-फार्मेसी के विरोध में उतरे मेडिकल दुकानदार,साहिबगंज में 20 मई को बंद का ऐलान
ई-फार्मेसी के विरोध में उतरे मेडिकल दुकानदार,साहिबगंज में 20 मई को बंद का ऐलान
14 May 2026 | 40
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
साहिबगंज। देश में ई-फार्मेसी के बढ़ते दायरे को लेकर ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने गहरी चिंता जताई है।ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ अब स्थानीय मेडिकल दुकानदार भी खुलकर सामने आ गए हैं। साहिबगंज केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनूप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।अनूप सिंह ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 30 से 40 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है,जिससे छोटे मेडिकल दुकानदारों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
जिलाध्यक्ष अनूप सिंह ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा कारोबार में नियमों की अनदेखी हो रही है।अनूप सिंह ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी की।अनूप सिंह ने कहा कि विरोध स्वरूप जिले के सभी मेडिकल दुकानदार 15 मई से 19 मई तक काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद भी यदि सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद के तहत साहिबगंज सहित पूरे देश की मेडिकल दुकानें बंद रखी जाएंगी। बंद के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृष्णा कुमार भगत,नवल किशोर मंडल,महेश अग्रवाल,रंजीत कुमार,हरेंद्र साव,हासिम परवेज,मुस्ताक अहमद,अश्वनी भगत,तैयब हुसैन,वसीम अहमद, मोहम्मद वसीम अंसारी सहित जिले के कई दवा व्यवसायी मौजूद थे।