अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जल महोत्सव पखवाड़ा का शुभारंभ

09 Mar 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर गढ़वा जिले में जल महोत्सव पखवाड़ा का भव्य शुभारंभ किया गया।इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा,अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गढ़वा के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।



यह कार्यक्रम गढ़वा के रामा साहू आउटडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया,इसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम में पेयजल और स्वच्छता विभाग से जलसहिया दीदी,समाज कल्याण विभाग से आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका और जेएसएलपीएस से स्वयं सहायता समूह की दीदियां प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहीं। 



कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण,स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और समुदाय में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं के कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया। इसी क्रम में पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 जलसहिया दीदियों और यूआरएसयूजीआई पंचायत की मुखिया को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। 



अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांव-गांव में जलसहिया दीदियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लोगों को स्वच्छ पानी के उपयोग, जल संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उल्लेखनीय कार्य किया है। 



अधिकारियों ने बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन 8 से 22 मार्च तक गढ़वा जिले के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इस दौरान जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा जल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, रैलियां एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि आमजन में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर शुरू हुआ यह पखवाड़ा जल संरक्षण और महिलाओं के सशक्तिकरण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगा।


ट्रेंडिंग