पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।कजरो-पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे रविवार सुबह 22 वर्षीय युवक का शव मिला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों की नजर सड़क किनारे पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी। पहले तो उन्हें लगा कि व्यक्ति बेहोश है,लेकिन पास जाकर जांचने पर मौत की पुष्टि हुई। उन्होंने तुरंत सूचना स्थानीय मुखिया को दी, जिन्होंने पचम्बा थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।प्रारंभिक जांच के दौरान शव की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बडीयाबाद गांव निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी पिता रहमान अंसारी के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि कारू अंसारी पेशे से ट्रैक्टर चालक था। वह शनिवार रात काम की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।रविवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलने पर पूरा परिवार सदमे में है। कुछ परिजनों ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही थी और यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि युवक की मौत कैसे हुई, क्या कोई पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य कारण।स्थानीय लोग इस घटना से काफी आहत हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।