पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,डुमरी।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पारसनाथ महाविद्यालय इसरी बाजार में एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान,उनके संघर्ष, अधिकारों और उपलब्धियों को सम्मान देना था।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में पूर्व प्रमुख उषा देवी, जिप सदस्य यशोदा देवी और सुनीता कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महिला प्राध्यापकों ने सभी अतिथियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
स्वागत संबोधन में उप प्राचार्य यशवंत कुमार सिन्हा ने कहा,आज का दिन समाज में महिलाओं के बहुमूल्य योगदान, उनके अथक संघर्ष,अधिकारों और उल्लेखनीय उपलब्धियों को सम्मान देने का विशेष अवसर है। महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉक्टर शशि भूषण, गौतम कुमार सिंह,डॉक्टर उमा पाण्डेय,कुमारी संगीता, डॉक्टर मधु जयसवाल,संगीता कुमारी ने विचार व्यक्त किए। छात्राओं में से आसिफ और सोनिया ने भी अपने विचार साझा किए, जिसमें महिला सशक्तिकरण और समानता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर एनसीसी की कैडेट कंचन कुमारी को आल इंडिया राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी प्रदान की गई। इसी तरह चेन्नई ऑफिसर ट्रेनिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जागृति मिश्र को भी ट्रॉफी दी गई। महाविद्यालय की सभी महिला कर्मचारियों को डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिव्या रानी,सपना सिन्हा,मोनी जयसवाल,योगेश प्रसाद,कुबेर प्रसाद,विनोद कुमार अकेला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन प्रियंका कुमारी ने कुशलतापूर्वक किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन योगेश प्रसाद ने प्रस्तुत किया।यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके योगदान को रेखांकित करने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसने उपस्थित सभी को प्रेरित किया।