उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के 23 शिक्षकों को मिला सम्मान

उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के 23 शिक्षकों को मिला सम्मान

06 Sep 2026 |  20

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



बालूमाथ/लातेहार।शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।समारोह में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले  23 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।इनमें नवाचार,प्रशिक्षण,शैक्षणिक सामग्री निर्माण,एफएलएन और निपुण,कंटेंट डेवलपमेंट,मास्टर ट्रेनर,स्कूल लीडरशिप और प्रश्नपत्र निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक शामिल रहे।



जिला शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान के तहत रूबी बानो,उच्च विद्यालय बालूमाथ की प्रधानाध्यापिका,राजेश चंद्र गुप्ता, पीएम श्री आवासीय उच्च विद्यालय नेतरहाट और धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय,यूपीजी प्लस टू उच्च विद्यालय गारू को राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।वहीं जिला शिक्षक योग्यता सम्मान के तहत मेधा रानी,मो. इमरान आलम, कुंदन प्रसाद, उत्तम कुमार पांडेय, राजेश कुमार, कुमारी अनामिका, अभिमन्यु कुमार,आलोक कुमार, अनुपा मिंज, राजीव रंजन कुमार, ज्योति कुमार सिंह, चंदन कुमार, नंददेव राम, मनीष कुमार, रूबी कुमारी, बिनिता शर्मा, मुकेश साहू, अवंतिका आनंद, सोनाली कुमारी एवं अंजू कुजूर को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं विभागीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।



इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और नवाचार विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देते हैं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।



समारोह में उपविकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू, जिला शिक्षा अधीक्षक ऋषिकेश कुमार समेत शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग