सेना की वर्दी का सपना लिए युवक ने लगाई फांसी,सुसाइड नोट में 2 नामों का जिक्र

सेना की वर्दी का सपना लिए युवक ने लगाई फांसी,सुसाइड नोट में 2 नामों का जिक्र

04 Sep 2026 |  19

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।राधानगर थाना क्षेत्र के राधानगर गांव में गुरुवार सुबह उस समय कोहराम मच गया,जब एक 20 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक युवक मुन्ना राय का बेटा शिवा राय था,जो आर्मी में भर्ती होने का सपना देखता था।घटना के बाद इलाके में सनसनी है। मौके से एक सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है,जिसमें दो लोगों के नाम लिखे होने की बात कही जा रही है।हालांकि पुलिस ने अभी नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।



परिजनों ने बताया कि शिवा पिछले तीन दिनों से काफी तनाव में था।बुधवार देर रात वह घर लौटा था। गुरुवार सुबह जब परिवार ने उसके कमरे का दरवाजा खोला तो पैरों तले जमीन खिसक गई।शिवा फंदे से झूल रहा था।परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया।



पिता मुन्ना राय सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुबह-शाम दौड़ लगाकर सेना भर्ती की तैयारी करता था।पिता का आरोप है कि गांव के ही दो लोग शिवा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे वह परेशान था। उनका दावा है कि मरने से पहले शिवा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है।



इधर थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से एक कागज बरामद हुआ है,जिसे सुसाइड नोट बताया जा रहा है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।आवेदन मिलते ही पुलिस हर एंगल से जांच करेगी। 



बता दें कि महज 20 साल की उम्र में एक जवान सपने की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


ट्रेंडिंग