पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
पुटकी।छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने के दौरान गलत ट्रेन में सवार होने के कारण 16 वर्षीय देवरत पांडेय भटकते हुए पुटकी पहुंच गया।गुरुवार को पुटकी के एकड़ा पुल के पास देवरत को संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमते देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन,एएसआई अभय कुमार और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और देवरत को थाना लाकर पूछताछ की।
देवरत पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह पीबी 34 प्रेम नगर छतीसगढ़ का रहने वाला है।वह छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था,लेकिन उसे पता नहीं चला कि वह कब और कैसे पुटकी पहुंच गया।देवरत काफी घबराया हुआ था और घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं था।पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उससे बातचीत कर उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक बच्चे के परिजनों से संपर्क हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को धनबाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बोकारो सीडब्ल्यूसी रेफर कर दिया गया। पुटकी पुलिस के अभय कुमार और डालसा के पीएलवी रूपा के सहयोग से बच्चे को बोकारो सीडब्ल्यूसी भेजा गया है।
बताया गया कि अचानक अनजान शहर में पहुंचा बच्चा काफी डरा-सहमा हुआ था। पुलिस और संबंधित संस्थाओं की पहल से अब उसके सुरक्षित रूप से परिजनों तक पहुंचने की उम्मीद जगी है। पुलिस बच्चे के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ उसके परिजनों से समन्वय कर रही है।