हाइवा की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत,मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

हाइवा की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत,मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

01 May 2026 |  5

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



बालूमाथ/लातेहार। पांकी मुख्य सड़क मार्ग ब्रह्ममोरिया गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा वाहन के चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रह्ममोरिया गांव निवासी चंद्री उरांव लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है। 



प्राप्त जानकारी के अनुसार चंद्री उरांव सड़क पार कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्रह्ममोरिया बाजार चौक के पास बालूमाथ पांकी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा,दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई,वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने,हाइवा वाहनों पर तिरपाल लगाकर परिचालन सुनिश्चित करने तथा सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।सड़क जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। 



ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं,जिससे लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद सड़क दुर्घटना पर कमी आने को लेकर कोयला ट्रांसपोर्ट कंपनी एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से अबतक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है,जिससे लोगों में आक्रोश है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम जारी था।


ट्रेंडिंग