पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
देवघर।जिला प्रशासन के मुखिया उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं,सफाई व्यवस्था और चिकित्सकों की उपस्थिति का बारीकी से जायजा लिया।उपायुक्त के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।
मरीजों के परिजनों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह केवल सरकारी फाइलों तक सीमित नहीं रहे,बल्कि विभिन्न वार्डों में इलाजरत मरीजों के परिजनों से सीधा संवाद किया। उपायुक्त ने पूछा कि उन्हें अस्पताल में दवाएं और अन्य सुविधाएं सही समय पर मिल रही हैं या नहीं।उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आम लोगों को समुचित स्वास्थ्य लाभ मिलना चाहिए ताकि सदर अस्पताल की छवि बेहतर हो सके।
इन विभागों की हुई जांच
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अल्ट्रासाउंड मशीन के क्रियान्वयन में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन को इसे तत्काल सुचारू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने चिकित्सकों के रोस्टर और उपस्थिति पंजी की जांच की ताकि ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मियों पर अंकुश लगाया जा सके। उपायुक्त ने ओटी,आईसीयू,सीटी स्कैन,बर्न यूनिट और मेटरनिटी वार्ड की वस्तुस्थिति देखी।
स्वच्छता पर कड़ा रुख
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अस्पताल परिसर की सफाई को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अस्पताल की सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यहां आने वाले मरीजों को सकारात्मक माहौल मिल सके।
मौके पर मौजूद अधिकारी
इस दौरान उप विकास आयुक्त,सिविल सर्जन,अस्पताल उपाधीक्षक सहित कई चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सेवा भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।