पत्रकार के समर्थन में उतरा तेली अधिकार मंच,कहा-लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार बर्दाश्त नहीं,मंत्री इरफान अंसारी सार्वजनिक माफी मांगें

पत्रकार के समर्थन में उतरा तेली अधिकार मंच,कहा-लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार बर्दाश्त नहीं,मंत्री इरफान अंसारी सार्वजनिक माफी मांगें

01 May 2026 |  4

 



संवाददाता



रांची।हजारीबाग में पत्रकार के साथ हुई बर्बरतापूर्ण मारपीट के खिलाफ अब आक्रोश की ज्वाला धधकने लगी है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा एक पत्रकार को बेरहमी से पीटे जाने की घटना के विरोध में तेली अधिकार मंच ने मोर्चा खोल दिया है।तेली अधिकार मंच ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो मंच राज्यव्यापी आंदोलन करने पर बाध्य होगा।



गुरुवार को राजधानी रांची में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तेली अधिकार मंच के मुख्य संयोजक निरंजन तेली ने कहा कि पत्रकारों पर हमला करना सीधे तौर पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने जैसा है। निरंजन ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि मंत्री इरफान अंसारी यह स्पष्ट करें कि यह देश बाबा साहेब के संविधान से चलेगा या उनके द्वारा पाले गए गुंडों से,जिस तरह पत्रकार को जान से मारने की नीयत से पीटा गया, उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



निरंजन तेली ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना आचरण वाले मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। निरंजन ने कहा कि मंत्री जिस दमनकारी मानसिकता को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रहे हैं, जनता आने वाले समय में उसका मुंहतोड़ जवाब देगी। निरंजन ने कहा के तेली अधिकार मंच पूरी तरह से पीड़ित पत्रकार और पत्रकार बिरादरी के साथ खड़ा है और इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने में अगर जान देनी भी पड़े तो कदम पीछे नहीं हटेगा ।



प्रेस वार्ता के दौरान तेली अधिकार मंच के मुख्य संरक्षक हरिनाथ साहू ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।हरिनाथ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज न होना बेहद शर्मनाक है और यह सीधे तौर पर संविधान का अपमान है।हरिनाथ ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की मांग की है।



तेली अधिकार मंच के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह हमला सिर्फ एक पत्रकार पर नहीं,बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी पर है। यदि सरकार और प्रशासन इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाते हैं, तो तेली अधिकार मंच चुप नहीं बैठेगा। आने वाले दिनों में रांची से लेकर जिला मुख्यालयों तक सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।


ट्रेंडिंग