कुख्यात दनुआ घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा:35 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रेलर,चालक की मौके पर मौत,उपचालक ने कूदकर बचाई जान
कुख्यात दनुआ घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा:35 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रेलर,चालक की मौके पर मौत,उपचालक ने कूदकर बचाई जान
21 Apr 2026 | 8
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चौपारण/हजारीबाग।थाना क्षेत्र के कुख्यात दनुआ घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है,जहां अनियंत्रित ट्रेलर लगभग 30 से 35 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचा ली।घायल उपचालक को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिया लोड ट्रेलर दुर्गापुर से राजस्थान की ओर जा रहा था।जैसे ही ट्रेलर दनुआ घाटी के घुमावदार और खतरनाक मोड़ पर पहुंचा,चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की तत्परता से घायल उपचालक को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज किया। वहीं मृत चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दनुआ घाटी पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रही है। यहां आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।