देवघर के 44 गांवों की बदलेगी सूरत,महापौर ने प्रधान सचिव से मांगी अतिरिक्त राशि
नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मिले महापौर रवि कुमार राउत
पार्किंग, सड़क और बड़े नालों के निर्माण पर हुई चर्चा, सचिव ने दिया सकारात्मक आश्वासन
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
देवघर।देवघर नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के बाद निगम में शामिल किए गए 44 गांवों के सर्वांगीण विकास की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को देवघर के महापौर रवि कुमार राउत ने रांची में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान महापौर ने एक पत्र सौंपकर इन नए क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बजट आवंटित करने की मांग की।
मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं नए जुड़े गांव
प्रधान सचिव सुनील कुमार को सौंपे गए पत्र में महापौर रवि कुमार राउत ने अवगत कराया कि नगर निगम के विस्तारीकरण में 44 गांवों को जोड़ा गया है, जिनमें कई वार्ड शामिल हैं। इन क्षेत्रों के निवासी नियमित रूप से नगर निगम को होल्डिंग टैक्स व अन्य करों का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर ये क्षेत्र आज भी पेयजल, पोल लाइट, गली-नाली, सामुदायिक केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
पार्किंग और ड्रेनेज सिस्टम पर विशेष चर्चा
मुलाकात के दौरान महापौर रवि कुमार राउत ने विशेष रूप से शहर में पार्किंग की समस्या, जर्जर सड़कों की मरम्मत और जलजमाव से मुक्ति के लिए बड़े नालों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की। महापौर ने तर्क दिया कि बाबा वैद्यनाथ की नगरी होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, ऐसे में इन नए क्षेत्रों का विकास शहर के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए अनिवार्य है।
प्रधान सचिव का मिला सकारात्मक सहयोग
महापौर रवि कुमार राउत ने बताया कि प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और देवघर के विकास के लिए अपनी सहमति जताते हुए सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही विभाग की ओर से अतिरिक्त बजट निर्गत किया जाएगा, जिससे इन 44 गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।