चतरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के नाम पर 5 हजार वसूली का आरोप,परिजनों में आक्रोश
उपायुक्त से मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करने की परिजनों ने मांग की
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।बीते रविवार को सदर प्रखंड के भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां समेत दो बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद सदर अस्पताल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पोस्टमार्टम कराने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपये की मांग की गई।
मृतकों के परिजनों के अनुसार पोस्टमार्टम के लिए जब तक पैसे नहीं दिए गए तब तक उन्हें अस्पताल परिसर में इधर-उधर टहलाया जाता रहा। 2500 रुपये ऑनलाइन एक मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर करवाया गया और 2500 रुपये नकद देने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर खुलेआम अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उपायुक्त रवि आनंद से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि इससे पूर्व भी चतरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के नाम पर पैसे लेने के आरोप सामने आ चुके हैं। लोगों को उम्मीद है कि नए उपायुक्त रवि आनंद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।