तीनपहाड़ सब्जी मंडी में भीषण आग,एक दर्जन दुकानें जलकर राख

तीनपहाड़ सब्जी मंडी में भीषण आग,एक दर्जन दुकानें जलकर राख

21 Apr 2026 |  8

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।जिले के तीनपहाड़ बाजार स्थित सब्जी मंडी में सोमवार सुबह लगभग 3:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर राख हो गईं और दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ। 



जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वे काबू नहीं पा सके।



सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल वाहन पहुंचने के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू हुई। भीषण आग को देखते हुए दूसरा दमकल वाहन भी बुलाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे प्रभावित दुकानदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। 



गौरतलब है कि सितंबर 2015 में भी तीनपहाड़ सब्जी मंडी में मध्य रात्रि को भीषण आग लगी थी,जिसमें लगभग पूरी मंडी जल गई थी। 11 साल बाद फिर आगलगी की घटना ने स्थानीय दुकानदारों की कमर तोड़ दी है।


ट्रेंडिंग