पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
रजरप्पा।सीसीएल राजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया,जिनका उद्देश्य उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।इसी दिन 12वीं कक्षा के तीनों संकायों के लिए नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ वैदिक परंपरा के अनुसार हवन-पूजन के साथ किया गया।
प्राचार्य डॉक्टर आरके साहू विद्यार्थियों के साथ वैदिक हवन में शामिल हुए और उन्हें नए उत्साह,जोश और सकारात्मक ऊर्जा के साथ पठन-पाठन में जुटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष थीम पर आधारित प्रातःकालीन सभा से हुई,जिसमें विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए जुम्बा व्यायाम का आयोजन किया गया,जिसमें बच्चों ने संगीत की धुन पर पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर स्वयं को तरोताजा महसूस किया। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 57 विद्यार्थियों ने भाग लिया।विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉक्टर आरके साहू ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल शिक्षा को रोचक बनाती हैं, बल्कि विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती हैं।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने एवं स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए किया गया। इस प्रकार विद्यालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।