गढ़वा में 4 होटलों पर छापेमारी,देह व्यापार के आरोप में 3 होटल सील

गढ़वा में 4 होटलों पर छापेमारी,देह व्यापार के आरोप में 3 होटल सील

08 Apr 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



गढ़वा।जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के चार होटलों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में की गई।छापेमारी के दौरान तीन होटलों में देह व्यापार और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के साक्ष्य मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक होटल की जांच जारी है। 



प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे पहले सोनपुरवा स्थित एसएनसी होटल में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान यहां संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर एसडीएम के निर्देश पर होटल को मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके बाद स्टेशन रोड स्थित आरडीएस होटल और रंका मोड़ के पास तिवारी इन में भी छापेमारी की गई,जहां प्रथम दृष्टया देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोनों होटलों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान तीनों होटलों के प्रबंधकों सहित कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।बस स्टैंड के पास स्थित रघुनंदन रेजिडेंसी में भी छापेमारी की गई, जहां कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं। इस होटल के संबंध में विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। 



इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि समाज में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। 



नक्शा जांच के निर्देश प्रशासन ने नगर परिषद को निर्देश दिया है कि संबंधित होटलों के भवनों की स्वीकृत नक्शे के अनुरूप जांच की जाए। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नगर पालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



 छापेमारी दल में एसडीपीओ नीरज कुमार,मुख्यालय डीएसपी यशोधरा,डीएसपी प्रशिक्षु चिरंचिव मंडल, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी,मझिआंव इंस्पेक्टर बृज कुमार,नगर प्रबंधक सहित महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान और नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे।


ट्रेंडिंग