दिल्ली जैसे ब्लास्ट कराने हैं,चैट में होती थी बातचीत,टेलीग्राम पर साकिब बना रहा था आतंक का नेटवर्क

दिल्ली जैसे ब्लास्ट कराने हैं,चैट में होती थी बातचीत,टेलीग्राम पर साकिब बना रहा था आतंक का नेटवर्क

07 Apr 2026 |  45

 



लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते दिनों पकड़े गए संदिग्ध आतंकी साकिब और उसके साथियों के डिजिटल उपकरणों की जांच में यूपी एटीएस को बड़ी सफलता मिली है।मोबाइल से मिले ऑडियो मैसेज से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इस मॉड्यूल को लखनऊ के भीड़भाड़ वाले इलाकों,खासकर रेलवे स्टेशन पर शाम के समय धमाका करने का टास्क दिया था।



साकिब तैयार कर रहा था आतंक का नेटवर्क



यूपी एटीएस की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। संदिग्ध आतंकी साकिब अपने स्तर पर यूपी में आतंक का नेटवर्क तैयार कर रहा था।साकिब ने टेलीग्राम पर एक दर्जन से अधिक ग्रुप बनाए थे,इन ग्रुपों के जरिए युवाओं को जोड़ने और कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का काम किया जा रहा था।



 दिल्ली जैसे ब्लास्ट कराने हैं



इन ग्रुपों में देश विरोधी भड़काऊ वीडियो,पोस्ट और आतंकी घटनाओं से जुड़े कंटेंट साझा किए जाते थे,ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया जा सके।मोबाइल फोन से पहलगाम आतंकी हमले और दिल्ली धमाके के कई वीडियो भी बरामद हुए हैं।साकिब इन वीडियो को अपने टेलीग्राम ग्रुपों में भेजकर लोगों को भड़काने और आतंकी मानसिकता मजबूत करने की कोशिश कर रहा था।जांच में यह भी सामने आया है कि ग्रुप में दिल्ली जैसे धमाके कराने को लेकर आपसी बातचीत भी हुई थी।



दुबई के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क



जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में सिर्फ यूपी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई राज्यों के युवा भी शामिल हो रहे थे। मालूम हुआ कि दुबई में बैठे आकिब ने साकिब का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से कराया था,जिसके बाद साकिब ने अपने स्तर पर टीम तैयार करनी शुरू कर दी थी।साकिब अपना नेटवर्क यूपी के कई शहरों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और मुंबई तक फैलाने की कोशिश कर रहा था।



आतंक की इन ग्रुप चैट्स में जुड़े हैं सैकड़ों लोग



जिस तरह साकिब को पहले देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार किया गया,उसी तरह साकिब अब दूसरे युवाओं को भी कम समय में बड़ी वारदातों के लिए तैयार कर रहा था। एजेंसियों के मुताबिक साकिब के बनाए ग्रुपों में सैकड़ों लोग जुड़े हुए हैं और अब सभी की भूमिका की जांच की जा रही है। बड़ा खुलासा यह भी हुआ है कि साकिब पंजाब के कई असलहा तस्करों के संपर्क में था और उनके जरिए हथियार खरीदने की तैयारी कर रहा था।एटीएस अब उन असलहा तस्करों की भी जानकारी जुटा रही है,इसके अलावा साकिब फायरिंग की प्रैक्टिस भी कर रहा था, जिसके सबूत उसके मोबाइल और पूछताछ में मिले हैं।


ट्रेंडिंग