धनबाद।धनबाद नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार ने शुक्रवार को बाघमारा,कतरास और भगत सिंह चौक से भव्य जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया।इस दौरान कतरास चौक, कलाली फाटक,गुहीबांध,बस स्टैंड,सब्जी पट्टी,स्वास्तिक सिनेमा से सूर्य मंदिर सहित कई क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
जनसंपर्क पदयात्रा में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो,बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के साथ हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ प्रत्याशी संजीव कुमार का भव्य स्वागत किया गया।
इसके उपरांत धनबाद मनईटांड़ मंडल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रत्याशी संजीव कुमार शामिल हुए। सम्मेलन में विशेष रूप से धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो,पूर्व सांसद पीएन सिंह और धनबाद विधायक राज सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष इंदु भूषण कुशवाहा ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि धनबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ जुटा हुआ है।सभी कार्यकर्ताओं का जोश,समर्पण और एकजुटता यह दर्शाता है कि आने वाले चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
गांधी नगर,कला संगम,दुहाटांड़ सहित कई क्षेत्रों में पदयात्रा कर आम जनता से संवाद किया गया।वहीं भूली में भाजयुमो द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन में शामिल होकर युवाओं को संगठन से जुड़ने और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा,मंडल अध्यक्ष इंद्रभूषण कुशवाहा,रूपेश सिन्हा,मनोज गुप्ता,रिंकू सिंह, मौसम सिंह,गीता सिंह,सूर्यदेव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता बदलाव चाहती है।संजीव कुमार की जीत से नगर निगम में विकास और पारदर्शिता का नया अध्याय शुरू होगा।
पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि संजीव कुमार एक कर्मठ, ईमानदार और जनसेवी नेता हैं। धनबाद के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनका चयन बेहद जरूरी है।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि संगठन और जनता का उत्साह बता रहा है कि इस बार धनबाद में प्रचंड बहुमत से भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत तय है।
महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार ने कहा कि जनता का अपार स्नेह और समर्थन मेरी सबसे बड़ी ताकत है।धनबाद को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना मेरा संकल्प है।