उपायुक्त के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयास

उपायुक्त के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयास

14 Feb 2026 |  17

उपायुक्त के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयास



रामगढ़ शहर अंतर्गत तीन स्थलों पर किया गया ट्रांसजेंडर टॉयलेट का निर्माण,संचालन शुरू



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,रामगढ़। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार सार्थक और संवेदनशील पहल की जा रही है।प्रशासन का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन,समान अवसर,सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।इसी कड़ी में उपायुक्त के निर्देशानुसार समाहरणालय परिसर स्थित पार्क, सदर अस्पताल और बस स्टैंड में ट्रांसजेंडर शौचालय की स्थापना की गई है।इसका संचालन शुक्रवार से प्रारंभ कर दिया गया है।इन सार्वजनिक स्थलों पर अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध होने से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा।



उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार एवं सम्मान दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।ट्रांसजेंडर समुदाय को लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा और असुविधाओं का सामना करना पड़ता रहा है,जिसे दूर करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। ट्रांसजेंडर टॉयलेट की स्थापना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है,जिससे सार्वजनिक स्थलों पर उनकी सहज उपस्थिति सुनिश्चित होगी तथा उन्हें किसी प्रकार की असहजता का सामना नहीं करना पड़ेगा।



इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने,कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने,स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने और स्वास्थ्य सेवाओं से नियमित रूप से लाभान्वित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।समाज कल्याण विभाग,जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग और अन्य संबंधित विभागों के माध्यम से उन्हें पहचान पत्र,पेंशन योजना,स्वास्थ्य जांच,आयुष्मान भारत योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी जारी है।



जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें सामाजिक स्वीकृति और सम्मान प्राप्त हो सके।



उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि ट्रांसजेंडर समुदाय के हित में चल रही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।जिला प्रशासन का यह प्रयास ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित वातावरण एवं आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


ट्रेंडिंग