पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बड़कागांव।एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित एनएमएल इंटर प्रोजेक्ट्स स्पोर्ट्स मीट-2026 के तहत बैडमिंटन प्रतियोगिता का गुरुवार को सिकरी टाउनशिप में भव्य शुभारंभ हुआ।एनएमएल पकरी बरवाडीह एवं पीबी-एनडब्ल्यू कोल माइनिंग प्रोजेक्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता 10 से 12 सितंबर तक चलेगी।
प्रतियोगिता में एनएमएल की विभिन्न परियोजनाओं और प्रतिष्ठानों की कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं।इनमें पीबी और पीबी-एनडब्ल्यू सीएमपी,सीबी-सीएमपी,केडी-सीएमपी, सीएमएचक्यू औरनॉर्थ धादू,डीएल-सीएमपी,टीएल-सीएमपी और बादाम सीएमपी की टीमें शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह में सीबी-सीएमपी,केडी-सीएमपी और बादाम सीएमपी के हेड ऑफ प्रोजेक्ट्स और एनएमएल पकरी बरवाडीह के जीएम (इंफ्रा) ने प्रतियोगिता के आधिकारिक मैस्कॉट और ट्रॉफी का अनावरण किया।इसके बाद अधिकारियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।इस दौरान खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ खेलते हुए खेल भावना के उच्च मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया गया।
मैस्कॉट एवं ट्रॉफी अनावरण के बाद मशाल जुलूस निकाला गया।खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के हाथों में मशाल के साथ निकले जुलूस ने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा भर दी।मशाल जुलूस को एकता,अनुशासन,दृढ़ संकल्प,खेल भावना और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के माध्यम से एनएमएल की विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी जुड़ाव और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।आयोजन से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और अंतर-परियोजना सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा। सातों टीमें प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए अपना दमखम दिखा रही हैं। अगले तीन दिनों तक खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।