उपायुक्त के निर्देश पर देवघर के पीवीटीजी गांवों में विशेष अभियान,बीडीओ ने परखी जमीनी हकीकत
बढ़ती गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने और खराब चापाकलों को ऑन द स्पॉट ठीक कराने का कड़ा निर्देश
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
देवघर।जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के गांवों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह रेस है।उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में एक विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के पीवीटीजी गांवों का धरातलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पेयजल संकट से निपटने के लिए चापाकल मरम्मत तेज
भीषण गर्मी की दस्तक को देखते हुए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने ग्रामीण और विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त के कड़े निर्देशों के आलोक में गांवों में खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत कराई गई, ताकि संकट के इस दौर में आदिम जनजाति परिवारों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
सीधे संवाद कर जानी योजनाओं की वस्तुस्थिति
निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने पीवीटीजी परिवारों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा। अधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों से चौपाल लगाकर संवाद किया और राशन,स्वास्थ्य,शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की।उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि हर हाल में विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।