किसी भी परिस्थिति में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाए: उपायुक्त

किसी भी परिस्थिति में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाए: उपायुक्त

16 May 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता 



दुमका।समाहरणालय के सभागार कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों और जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई।



बैठक में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़,उपभोक्ताओं द्वारा अतिरिक्त खरीदारी और ईंधन आपूर्ति श्रृंखला की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।इस दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा आमजन अफवाहों पर ध्यान न दें। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि सामान्य दिनों की तरह आवश्यकता अनुसार ही ईंधन क्रय करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।



उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कालाबाजारी न हो तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं की जाए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

तेल कंपनियों के अधिकारियों ने उपायुक्त को आश्वस्त किया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है तथा सप्लाई चेन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



बैठक में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित निगरानी के लिए एक टीम गठित की जाए, ताकि कहीं भी कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। 



बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी,जिला आपूर्ति पदाधिकारी, इंडियन ऑयल,हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि और जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालक सहित अन्य उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग