पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
पाकुड़।जिले के सदर प्रखंड से एक बहुत ही हृदय विदारक घटना सामने आई है।मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखीनारायणपुर गांव में एक घर में अचानक सियारों का एक झुंड रात में घुस गया और दो मासूम बच्चियों पर हमला कर दिया।जब तक लोग समझ पाते एक ढाई साल की बच्ची को सियारों का झुंड उठा ले गया।इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार समीरुल शेख के घर में देर रात सियार घुस गया।इस दौरान ढाई साल की बच्ची आफीफा खातून को सियार उठा ले गए,जिससे उसकी जान चली गई।घर में मौजूद चार साल की बच्ची जासमीन खातून पर भी हमला हुआ,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।हमले के समय बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,जिससे सियारों का झुंड वहां से भाग निकला। इसके बाद घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।घटना की सूचना मिलते ही
मुफ्फसिल पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल से शव के कुछ हिस्से को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।साथ ही मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों और वन विभाग को भी दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के खेतों और आसपास के इलाकों में लंबे समय से सियारों की आवाजाही रहती है। ये जानवर अब रात में गांव के अंदर तक घुसने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सियारों के झुंड को जल्द से जल्द हटाया जाए नहीं तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई कर सियारों के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगाने की मांग की है।
मामले पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि ढाई वर्ष के बच्चे को सियार ने पूरा खा गया,बहुत ही दयनीय घटना है।बच्ची का सिर्फ कंकाल बचा हुआ था।दूसरी बच्ची अभी ठीक है,चेहरे में खरोंच के निशान है।मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारी एवं वन विभाग को दे दी गई है, पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।