बालूमाथ में डीटीओ का सघन वाहन जांच अभियान,48 वाहनों का कटा चालान
सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस,भारी वाहन व बाइक चालकों पर कार्रवाई
न्यू बस स्टैंड,पुराना बस स्टैंड और थाना गेट के पास चला विशेष जांच अभियान
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बालूमाथ/लातेहार।मुख्यालय स्थित न्यू बस स्टैंड,पुराना बस स्टैंड और थाना गेट के पास शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 48 वाहनों का ऑनलाइन चालान काटते हुए अर्थदंड लगाया गया।जांच के दौरान न्यू बस स्टैंड में अवैध रूप से खड़े चार भारी वाहनों पर कार्रवाई की गई।वहीं सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही छह यात्री बसों पर भी जुर्माना लगाया गया।
डीटीओ उमेश मंडल ने बस संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि यात्री बसें नियमित रूप से न्यू बस स्टैंड में ही वाहन खड़ी कर यात्रियों को उतारें एवं चढ़ाएं। सड़क के बीचों बीच वाहन खड़ा कर सवारी उतारना चढ़ाना न केवल नियम विरुद्ध है,बल्कि दुर्घटनाओं को भी आमंत्रण देता है।उन्होंने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए वाहन परिचालन करने की हिदायत दी।कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस बल के पदाधिकारी,जवान एवं परिवहन विभाग के कर्मी मौजूद रहे।