उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं,दिया समाधान का भरोसा

उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं,दिया समाधान का भरोसा

09 May 2026 |  16

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा। जिला मुख्यालय के समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रवि आनंद ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए।



इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने मौके पर ही जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए उन्हें संबंधित विभागों को अविलंब अग्रसारित किया जाए तथा प्रत्येक मामले के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु नियमित अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) किया जाए, ताकि आमजनों की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।



उपायुक्त रवि आनंद ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।



जनता दरबार में भूमि विवाद, पेयजल, आवास, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, एवं अन्य योजनाओं से संबंधित मामले प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



बता दें कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 11:30 से 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां लोग अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर सकते हैं।


ट्रेंडिंग